
युवा मंच कार्यक्रम में बोले सीएम साय—सरगुजा से बस्तर तक लक्ष्यकेंद्रित विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहे कदम
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद राज्य अब विकास और प्रगति के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। सरकार सरगुजा से लेकर बस्तर तक पूरे प्रदेश के समन्वित और लक्ष्यकेंद्रित विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय शनिवार शाम राजधानी रायपुर के महोबा बाजार स्थित एक निजी होटल में आयोजित आईटीवी नेटवर्क और इंडिया न्यूज के ‘युवा मंच’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास, नक्सलवाद, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और जनजातीय विकास सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्टजनों को सम्मानित भी किया।

नक्सलवाद था विकास की बड़ी बाधा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में नक्सलवाद लंबे समय से एक बड़ी बाधा रहा है। सरकार बनने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के मुद्दे पर हुई बैठकों में यह स्पष्ट हुआ कि देश में बची हुई नक्सल समस्या का बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ में केंद्रित था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ नक्सलवाद के खिलाफ स्पष्ट लक्ष्य और डेडलाइन तय की गई। इसके बाद सुरक्षा बलों के जवानों ने अदम्य साहस और समर्पण के साथ अभियान चलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलकर विकास के नए रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। बस्तर से लेकर सरगुजा तक विकास की योजनाओं को गति दी जा रही है।
पर्यटन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की बड़ी संभावनाएं
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। राज्य के प्राकृतिक, सांस्कृतिक और जनजातीय क्षेत्रों को देश-दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अपनी खूबसूरती के कारण नियाग्रा के नाम से प्रसिद्ध है। वहीं बस्तर के धुड़मारास गांव को संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन द्वारा दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांवों की सूची में शामिल किया गया है।
धुड़मारास में बम्बू राफ्टिंग जैसी गतिविधियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। होम स्टे के माध्यम से स्थानीय लोगों को भी पर्यटन से रोजगार और आय के अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई उद्योग नीति में पर्यटन क्षेत्र को भी शामिल किया गया है।
धर्म स्वातंत्र्य कानून पर मुख्यमंत्री ने रखी बात
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में लागू कानूनों का अध्ययन करने के बाद छत्तीसगढ़ में धर्म स्वातंत्र्य से संबंधित विधेयक लाया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
PSC और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता पर जोर
युवाओं से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पीएससी में भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई की गई है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक अब पीएससी से लेकर अन्य भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शिता के साथ आयोजित करने पर जोर दिया जा रहा है। इससे युवाओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों का भरोसा भी भर्ती प्रक्रिया में बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं से लगातार संवाद कर रही है और विकास एवं नीति निर्माण से जुड़े विषयों पर उनके सुझावों को महत्व दिया जा रहा है।
जनजातीय विकास सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक आदिवासी बहुल राज्य है और जनजातीय समुदायों का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा जनजातीय विकास के लिए अलग आदिम जाति कल्याण मंत्रालय के गठन का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के करीब 6 हजार गांवों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पांच विशेष पिछड़ी जनजातियां निवास करती हैं और उनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
बस्तर में बनेगी एजुकेशन सिटी
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को विकास का मूल आधार बताते हुए कहा कि शिक्षा के बिना वास्तविक विकास संभव नहीं है। प्रदेश में स्कूल और कॉलेजों के विस्तार के साथ उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर स्तर पर शैक्षणिक संस्थान संचालित हैं और हर ब्लॉक में कॉलेज उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया गया है।
नक्सलवाद से मुक्त होने के बाद बस्तर में शिक्षा के क्षेत्र में बड़े बदलाव की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर में एजुकेशन सिटी विकसित करने के लिए बजट में प्रावधान किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के आसपास के राज्यों में भी बड़ी संख्या में आदिवासी आबादी निवास करती है। ऐसे में राज्य में ट्राइबल यूनिवर्सिटी स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि छत्तीसगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों के जनजातीय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिल सके।
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उनके अनुसार छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि पांच नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिल चुकी है।
उन्होंने बताया कि इन पांच नए मेडिकल कॉलेजों में कुल 250 सीटें स्वीकृत हुई हैं और इसी वर्ष से पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है।
बस्तर में स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां सुपर स्पेशलिटी अस्पताल तैयार हो चुका है और अब ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों का उपचार भी बस्तर में संभव हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत करीब 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है, जबकि लगभग 40 हजार लोगों का उपचार किया गया।
उन्होंने कहा कि बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार जैसी योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
8 लाख करोड़ के एमओयू, निवेश से रोजगार की उम्मीद
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य की नई उद्योग नीति के तहत करीब 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।
उन्होंने बताया कि राज्य में सेमीकंडक्टर प्लांट, एआई डेटा सेंटर और टेक्सटाइल सेक्टर जैसे क्षेत्रों में काम आगे बढ़ रहा है।
युवाओं के रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे उद्यमियों के लिए विशेष इंसेंटिव का प्रावधान किया गया है, जो अपने उद्योगों के माध्यम से कम से कम 1,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने बताया कि बारिश के बाद रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न उद्योगों और संस्थानों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
युवाओं की भागीदारी से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि युवा देश और प्रदेश का भविष्य हैं। विकास की नीतियों और योजनाओं को बेहतर बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर रही है और उनके सुझावों का स्वागत करती है। नक्सलवाद से बाहर निकलकर छत्तीसगढ़ अब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में नई संभावनाओं की ओर बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा छत्तीसगढ़ बनाना है, जहां प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग को विकास का लाभ मिले और युवाओं को अपने भविष्य के लिए बेहतर अवसर प्राप्त हों।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
युवा मंच कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा, आईटीवी नेटवर्क एवं इंडिया न्यूज के पदाधिकारीगण तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय और उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्टजनों को सम्मानित किया।

संदीप शर्मा
संस्थापक एवं संचालक — Khabar36 News
📰 मीडिया अनुभव: 4+ वर्ष
🤝 अनुभव: Buland Media एवं Buland Chhattisgarh से जुड़ाव
✍️ भूमिका: पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया संचालक
🎯 विशेषता: तथ्यपरक, निष्पक्ष एवं जनहित आधारित पत्रकारिता
संदीप शर्मा का उद्देश्य विश्वसनीय खबरों के माध्यम से जनता की आवाज़ को मजबूती से सामने लाना और पत्रकारिता में तथ्य एवं जनहित को प्राथमिकता देना है।


